अग्नि सुरक्षा के उपाय नहीं करने वाली 37 संपत्तियां सील

 अग्नि सुरक्षा के उपाय नहीं करने वाली 37 संपत्तियां सील

अब तक 5,093 व्यावसायिक संपत्ति मालिकों को नोटिस

 पिंपरी चिंचवड़।
आगजनी की घटनाओं में होने वाले जान माल के नुकसान से बचने के लिए पिंपरी चिंचवड़ मनपा द्वारा शहर में अग्नि प्रतिबंध और जीवन सुरक्षा सर्वेक्षण किया जा रहा है। इसमें कारोबारियों को अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र हासिल करने को लेकर जागरूक किया जा रहा है। वाणिज्यिक संपत्ति धारकों को अग्निसुरक्षा के उपाय करने को लेकर आगाह किया जा रहा है और उन्हें नोटिस जारी किये जा रहे हैं। अब तक 37 वाणिज्यिक संपत्ति मालिकों को दो नोटिस जारी किए जाने के बावजूद आग से बचाव के उपायों का पालन न करने पर सील कर दिया गया है। अग्नि सुरक्षा का अनुपालन नहीं करने वाले 5,093 संपत्ति मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। अब तक 92 व्यावसायिक संपत्ति मालिकों को अग्नि सुरक्षा पूर्तता प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है।

मनपा के सर्वेक्षण में खतरनाक संपत्तियों, परिसर में अग्निशमन प्रणालियों की उपलब्धता, आवाजाही के सुरक्षित तरीके, खतरनाक पदार्थों के भंडार की पहचान करके वाणिज्यिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, संस्थागत और चिकित्सा भवनों का अग्नि रोकथाम सर्वेक्षण किया गया। वाणिज्यिक परिसर में आवास इत्यादि रहने की सूरत में वाणिज्यिक संपत्ति मालिकों को अपनी संपत्तियों को आग से सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यकताओं को पूरा करना होगा। अग्नि सुरक्षा का अनुपालन नहीं करने वाले 5,093 संपत्ति मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 970 प्रॉपर्टी मालिकों के मामले विभाग के पास आ चुके हैं। इनमें से 429 संपत्तियों का भौतिक निरीक्षण किया जा चुका है और 313 संपत्तियों के मामले वाणिज्यिक अग्नि सुरक्षा प्रमाणीकरण के लिए प्रक्रियाधीन हैं।

शंका और समस्याओं के समाधान के लिए शिविर आयोजित

अग्निशमन विभाग के माध्यम से, चिखली, कुदलवाड़ी और तलवड़े क्षेत्रों में वाणिज्यिक संपत्ति मालिकों को अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी देने के लिए चिखली की सोनवने बस्ती के टाउन हॉल में शिविर आयोजित किया गया। इसमें अग्निशमन विभाग के उपायुक्त मनोज लोनकर, उप अग्निशमन अधिकारी बालासाहेब वैद्य ने पेशेवरों का मार्गदर्शन किया। व्यावसायिक संपत्ति मालिकों को आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी देने साथ ही उनकी शंका और समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। वाणिज्यिक संपत्ति मालिकों को अग्नि सुरक्षा के मामले में वाणिज्यिक संपत्ति को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए अग्निशमन उपकरणों को संभालने, आवश्यक उपायों और प्रणालियों के बारे में बुनियादी जानकारी दी गई।

उपाय नहीं करने पर होगी फौजदारी कार्रवाई

शहर में व्यावसायिक संपत्तियों को अग्नि सुरक्षा अनुपालन प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। व्यावसायिक संपत्ति मालिकों ने अगर अभी तक जरूरी शर्तें पूरी नहीं की हैं तो वे तुरंत ऐसा कर लें। अग्निशमन विभाग द्वारा आयोजित शिविरों के माध्यम से बुनियादी जानकारी दी जा रही है। वाणिज्यिक संपत्ति मालिकों को अपनी संपत्ति को अग्निरोधी बनाना चाहिए और अग्नि सुरक्षा समापन प्रमाणपत्र प्राप्त करना चाहिए और संपत्ति को सील करने के दंश से बचना चाहिए। ऐसी संपत्तियों को सील करने के साथ ही संबंधितों के खिलाफ फौजदारी कार्रवाई करने की चेतावनी मनपा के अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप जांभले पाटिल ने दी है।

मनपा की सीमा के भीतर वाणिज्यिक संपत्तियों को आग से सुरक्षित बनाने के लिए, अग्निशमन विभाग उन वाणिज्यिक संपत्तियों को अग्नि सुरक्षा पूर्तता प्रमाणपत्र जारी कर रहा है जो अग्नि सुरक्षा उपायों को पूरा करते हैं। शहर में आग की घटनाओं को रोकने के लिए सभी व्यावसायिक संपत्तियों को अग्नि सुरक्षा उपायों को पूरा करना और अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करना आवश्यक है।

- शेखर सिंह, आयुक्त एवं प्रशासक, पिंपरी-चिंचवड़ मनपा


वाणिज्यिक संपत्तियों के लिए अग्निसुरक्षा पूर्तता प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज और जानकारी प्राप्त करने के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। प्रमाण पत्र प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करने वाले वाणिज्यिक संपत्ति मालिकों को अपने संदेह को दूर करने के लिए निकटतम दमकल केंद्र से संपर्क करना चाहिए। इसके साथ ही, मनपा द्वारा नोटिस जारी किए जाने का इंतजार किए बिना अपनी पहल पर प्रमाण पत्र के लिए दस्तावेज भरने चाहिए।

-मनोज लोणकर, उपायुक्त, अग्निशमन विभाग, पिंपरी-चिंचवड़ मनपा 

Post a Comment

0 Comments