कांग्रेस की डिमांड से चुनाव से पहले कई पार्टियां बैकफुट पर...!
मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रही है। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपने सहयोगी दलों अपने विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा कर रहे हैं, वहीं, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचातान चल रही है।
इसी बीच कांग्रेस ने बड़ा दांव खेल दिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात ने गुरुवार को भायंदर (पश्चिम) में कहा कि महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) महाराष्ट्र में अगली सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री का पद कांग्रेस से ही किसी को मिलेगा। थोरात ने कोंकण क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, मैं आप सभी से हमारे सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने का आग्रह करता हूं और मुझे यकीन है कि अगला मुख्यमंत्री एमवीए से होगा और वह भी कांग्रेस से। यह पहली बार है जब कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश किया है। मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर गठबंधन सहयोगियों के बीच मतभेदों के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए थोरात ने कहा कि सभी दल अधिकतम सीटें जीतना चाहेंगे और यह सुनिश्चित करना चाहेंगे कि मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से हो।
वर्षा गायकवाड़ की डिमांड!
मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने महिला मुख्यमंत्री की पैरवी की है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि महाराष्ट्र प्रगतिशील राज्य है, फिर भी कोई महिला यहां मुख्यमंत्री नहीं बन पाई है। महाराष्ट्र के 64 साल के सियासी इतिहास में अब तक 20 मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन इनमें एक भी महिला नहीं है। दिलचस्प बात है कि राज्य में शासन करने का मौका अब तक 6 पार्टियों को मिला, लेकिन एक भी पार्टी ने महिला को कमान देने की जहमत नहीं उठाई?
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने इस मांग को हवा दी है। वर्षा गायकवाड़ का कहना है कि महाराष्ट्र में किसी महिला को मुख्यमंत्री की कमान दी जानी चाहिए। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी, दिल्ली, बंगाल जैसे राज्यों में महिलाओं के पास कमान रह चुकी है, लेकिन महाराष्ट्र में अभी तक भी महिला मुख्यमंत्री नहीं बन पाई हैं...आखिर ऐसा क्यों?
0 Comments